सैनिकों के पराक्रम के सम्मान में सारंगपुर में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, सभी समाज के हजारों लोग हुए

घोडे पर सवार रही भारत माता, बुलेट पर छात्राएं, जामा मस्जिद चौक पर हुई पुष्प वर्षा, भाजपा-कांग्रेस के नेता भी साथ आए।
 हमारी सेना ने पाकिस्तान परस्त आतंकवाद को दिया करारा जवाब - मंत्री  टेंटवाल 
 
न्यूज सारंगपुर।
गुरुवार को सैनिकों के शौर्य और पराक्रम के सम्मान में राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ गौतम टेटवाल के नेतृत्व में सारंगपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जोशीले नारों और चारों ओर लहराते राष्ट्रीय ध्वज के साथ दोपहर तीन बजे गांधी चौक से तिरंगा रैली रवाना हुई। तिरंगा रैली सदर बाजार, महाकाल चौराहा होते हुए अंबे माता मंदिर पहुंची वहां से तरुण चौराहा, भेरू दरवाजा होते हुए बस स्टैंड पर समापन हुआ। इस दौरान सभी धर्म, समाज और वर्ग राष्ट्रवादी नागरिक हजारों में शामिल हुए। राज्यमंत्री गौतम टेटवाल हाथों में तिरंगा थाने भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। नवयुवक दिल में देशभक्ति  का जज्बा और हाथों में तिरंगा लिए गांवों के मार्गों से गुजरे तो पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति  के रंग में रंग गया। इस दौरान सैकडों की संख्या में आए नागरिकों ने हाथों में तिरंगा थाम रखा था। भारत माता की जय, जय हिंद और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारों से आसमान गूंज रहा था। जगह-जगह तोरण द्वार और पुष्पवर्षा से स्वागत किया जा रहा था। बीच-बीच में बैंड के राष्ट्रभक्ति भरे गीतो पर युवकों की टोलियां थिरक रही थी। देशभक्ति फिल्मी गीतों से माहौल में देशभक्ति  की बयार बह रही थी। यात्रा में खास बात यह रही है कि घोडे पर सवार भारत माता की झांकी सजाई गई थी जिसमें एक बालिका का भारत माता का रुप दिया गया, वही बुलेट पर छात्राएं चल रही थी। जबकि जामा मस्जिद चौक पर मुस्लिम समाजजनों ने अंजुमन कमेटी के नेतृत्व में पुष्प वर्षा की। इसके अलावा भाजपा-कांग्रेस के नेता भी साथ नजर आए। हिंदू, मुस्लिम, सिख, बोहरा और जैन समाज के हजारों लोग शामिल हुए।

मंत्री बोले:हमारी सेना ने पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब दिया

मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सेनाएं अपनी वीरता का जबरदस्त प्रदर्शन कर रही हैं। भारत की सेना के शौर्य और पराक्रम को आज पूरा विश्व हतप्रभ होकर देख रहा है। उन्होंने कहा पाकिस्तान ने पुलवामा और उरी के बाद पहलगाम में कायराना हरकत की है। इसका प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेनाओं ने जबरदस्त जवाब दिया। पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाया कि वह घुटनों के बल आकर हमारे डीजीएमओ से संघर्ष विराम की गुहार लगाने लगा। आज पाकिस्तान परस्त आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। देश के सभी राजनीतिक दलों ने मिलकर सेना की इस कार्रवाई का समर्थन किया है। अब हम देशवासियों के लिए सेना के इस शौर्य और पराक्रम को सम्मान देने का अवसर है। सेना कभी हमारे तिरंगे को झुकने नहीं देगी। यह हमारा पूर्ण विश्वास है। इसी तिरंगे की छांव के नीचे एकजुट होकर भारत के नागरिक पाकिस्तान की सेना की ओर से पाले जा रहे आतंकवाद को जवाब दे रहे हैं। मंत्री श्रीटेटवाल ने कहा कि हम सभी अपनी सेना के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन करते हैं। आज का भारत नया भारत है, जो किसी भी दुस्साहस का मुंह तोड जवाब देने में सक्षम है। हमें सर झुकाने की जरूरत नहीं होगी, हमारा डंका पूरी दुनिया में बजेगा।
इस मौके पर नपा अध्यक्ष पंकज पालीवाल ने कहा कि जिस तरह पहलगाम में पर्यटकों पर हमला हुआ था, आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी थी। आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने जो हरकत किया, उसके खिलाफ भारतीय सेना ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कार्रवाई की है। इस लडाई ने देश के मान सम्मान और गौरव को बढाया है। प्रधानमंत्री मोदी, हमारे सशस्त्र बल और सरकार देश में आतंकी हमलों के प्रयासों का कड़ा जवाब देने के लिए सतर्क हैं। उन्होंने कहा, जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है, अगर कोई देश पर हमला करता है, तो भारत पूरी ताकत से जवाब देगा। आज यह तिरंगा यात्रा 'राष्ट्र सुरक्षा के लिए नागरिक का प्रतीक है। जिस तरह हमारे सैनिकों ने देश का मान बढाया है, पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है और आतंकवाद को हराया है। मैंने अपने जीवन में इतने बड़े पैमाने पर तिरंगा यात्रा कभी नहीं देखी। सकल जैन समाज अध्यक्ष निर्मल जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करके देश को गौरवान्वित किया है। पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी का समर्थन कर रहा है। इस मौके पर अंजुमन कमेटी सदर एमए अलीम बाबा कुरैशी ने कहा कि सेना की कार्रवाई में पाकिस्तान को बडा नुकसान हुआ है। भारतीय सेना की कार्रवाई से यह बात साबित हो गई कि भारत सशक्त राष्ट्र है। सेना की कार्रवाई से देश का मान सम्मान बढ़ा है। यह साबित हुआ कि भारत की ओर कोई भी टेढी नजर रखेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। इस मौके पर हिउस अध्यक्ष डा. धु्रव भल्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय सेना ने आपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान में 9 आतंकवादी ठिकानों को पूरी तरह धराशायी कर दिया। हमारे प्रधानमंत्री मोदी की कुशल कूटनीति के कारण पूरे विश्व में देश का सम्मान बढा है और पाकिस्तान का आतंकवाद को शह देने का चेहरा उजागर हुआ है। हमें हमारी सेना एवं नेतृत्व में पूर्ण विश्वास है उनके हाथों में देश सुरक्षित है।
इस मौके पर राज्यमंत्री गौतम टेटवाल, पूर्व मंत्री हनुमानप्रसाद गर्ग, नपाध्यक्ष पंकज पालीवाल,विधायक प्रतिनिधि पृथ्वीराज टेटवाल, पूर्व नपाध्यक्ष मोहम्मद अली, रुपल प्रमोद सादानी, हिउस अध्यक्ष डा. धुव्र भल्ला, सकल जैन समाज अध्यक्ष निर्मल जैन,  वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप सादानी,  नपा उपाध्यक्ष भावना निलेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष महेश पुष्पद, पचोर अध्यक्ष विकास दीक्षित, मनोहर परमार, संजय विजयवर्गीय, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष डा. हेमेंद्र सोलंकी, पार्षद कुदीप राठौर, गोपाल पाल, रफीक शेठ, बहादुर भाई, ब्लाक युकां अध्यक्ष लखन धनगर, युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल पुष्पद, , राकेश पुष्पद,  प्रदीप पंवार, कुलदीप टेटवाल,मोहित गुप्ता,राहुल पुष्पद,संतोष कुंभकार,एलएन त्रिकार, जाकिर सेफी, विकास विजयवर्गीय  सहित सभी धर्म, समाज एवं वर्ग के लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था में एसडीएम रोहित बम्होरे, एसडीओपी अरविंद सिंह, थाना प्रभारी आकांशा हाडा अपने पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में जुटे हुए थे।। यात्रा का समापन बस स्टैंड पर पूर्व सैनिकों के सम्मान और भारत माता की आरती के साथ हुआ।