जयपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले के सुनहेरा गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता को ससुराल पक्ष के लोगों ने भूसे के ढेर में जलाकर मार डाला। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गए। पीड़िता के पिता भगवान दास ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

ससुराल पक्ष के लोग फरार है
उन्होंने बताया कि बेटी की शादी पांच साल पहले कमल किशोर से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए बेटी से मारपीट करते थे। बड़ी बेटी की शादी भी कमल के बड़े भाई मनीष से हुई थी। सैपऊ पुलिस थाना अधिकारी वीरेंद्र मीणा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। ससुराल पक्ष के लोग फरार है। उनकी तलाश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि गुरुवार को बेटी का फोन आया कि ससुराल पक्ष के लोग उसको जान से मार देंगे। जब वह लोग ससुराल पहुंचे तो उन्हें बेटी का शव भूसे के ढेर में जला हुआ मिला। मृतका के भाई मनोज का आरोप है कि उसकी बहन का पति गांव के बाहर खेत में बने मकान में रहता था, जबकि दोनों बहनें गांव के ही मकान में रहती थी।

ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला को भूसे के ढेर में जला दिया
मनोज का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने बहन की खेत में बने मकान में हत्या करने के बाद भूसे के ढेर में उसे जला दिया। वहीं बड़ी बहन गांव से दूर घायल अवस्था में पड़ी मिली। बड़ी बहन ने होश में आने पर बताया कि ससुराल पक्ष के लोग दोनों बहनों से मारपीट करते थे। छोटी बहन की हत्या करने के बाद वह मुझे भी मारने आए लेकिन मैंने खुद को कमरे में बंद कर लिया और बाद में गांव से दूर निकल गई।